भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ 12 से 15 अप्रैल तक पश्चिमी राजस्थान के दौरे पर
जोधपुर/जयपुर(दूरदृष्टीन्यूज), भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ 12 से 15 अप्रैल तक पश्चिमी राजस्थान के दौरे पर। भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ 12 से 15 अप्रैल तक पश्चिमी राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार वे विभिन्न जिलों में संगठनात्मक बैठकों,पत्रकार वार्ताओं एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 12 अप्रैल को वे जोधपुर में भाजपा देहात दक्षिण एवं देहात उत्तर (फलोदी) की जिला बैठकों में भाग लेने के साथ पत्रकार वार्ता करेंगे तथा सायं जोधपुर शहर की बैठक में शामिल होंगे। 13 अप्रैल को वे जोधपुर से जैसलमेर पहुंचकर जिला बैठक व पत्रकार वार्ता में भाग लेंगे। इसके बाद बाड़मेर में जिला बैठक एवं पत्रकार वार्ता करेंगे। सायंकाल भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
भाजपा जोधपुर संभाग मीडिया संयोजक जगदीश धाणदिया ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर माल्यार्पण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद बालोतरा व जालोर में जिला बैठकों एवं पत्रकार वार्ताओं में हिस्सा ले कर पाली पहुंचेंगे। इसके पश्चात् 15 अप्रैल को पाली में पत्रकार वार्ता व जिला बैठक के बाद सिरोही के लिए प्रस्थान करेंगे,जहां विधायक सेवा केंद्र कार्यालय का लोकार्पण करेंगे तथा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात वे आबूरोड से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
कमिश्नरेट के थानों में पुलिस जनसहभागिता बैठकों का आयोजन
जिला मीडिया संयोजक अजय त्रिवेदी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ के इस दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है तथा इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
