आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रभावी केंद्र बनें- मालावत
- ढांचागत सुधार व कुपोषण प्रबंधन पर दिए निर्देश
- विभागीय कार्यों की समीक्षा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रभावी केंद्र बनें-मालावत। समेकित बाल विकास सेवाएं,राजस्थान के निदेशक वासुदेव मालावत (आईएएस) ने बुधवार को जोधपुर प्रवास के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल वितरण तक सीमित न रहकर बच्चों के सर्वांगीण विकास के केंद्र के रूप में विकसित किए जाएं। SAMSA एवं SDRF मद से स्वीकृत मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता सहित शीघ्र पूर्ण करने तथा ‘आदर्श आंगनबाड़ी’ के अंतर्गत केंद्रों के सौंदर्यीकरण पर बल दिया। प्रत्येक केंद्र पर बिजली,स्वच्छ पेयजल एवं क्रियाशील शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कुपोषण प्रबंधन की समीक्षा करते हुए उन्होंने अति-कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों की पहचान,MTC में रेफरल,उपचार एवं नियमित फॉलो-अप की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा गंभीर न्यून वजन वाले बच्चों की शत-प्रतिशत ट्रैकिंग के निर्देश दिए।
अटल जन सेवा शिविरों में होगी जनसुनवाई
उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन)अल्का विश्नोई ने भी प्रशासनिक दक्षता पर बल दिया। बैठक में सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं विभागीय कार्मिक उपस्थित थे।
