कचरा निस्तारण को 180 टन प्रतिदिन क्षमता का मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन बनेगा
- संभागीय आयुक्त ने किया कचरा प्रबंधन का निरीक्षण\
- काजरी ट्रांसफर स्टेशन को मैकेनाइज्ड करने की दिशा में बड़ा कदम
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कचरा निस्तारण को 180 टन प्रतिदिन क्षमता का मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन बनेगा। सम्भागीय आयुक्त एवं प्रशासक नगर निगम जोधपुर डॉ.प्रतिभा सिंह ने शनिवार को नगर निगम जोधपुर द्वारा संचालित घर-घर कचरा संग्रहण एवं उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कचरा संग्रहण,ट्रांसफर एवं निस्तारण की वर्तमान प्रणाली की विस्तृत जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी,सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता प्रबंधन को शहर की प्राथमिक बुनियादी सेवा बताते हुए इसके सतत सुधार पर विशेष जोर दिया।
केरू वेस्ट मैनेजमेंट साइट तक पूरी प्रक्रिया का किया अवलोकन
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संभागीय आयुक्त को अवगत कराया कि वर्तमान में ऑटो-टीपर के माध्यम से घर-घर से कचरा संग्रहित कर काजरी स्थित ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाया जाता है,जहां से डम्परों द्वारा केरू वेस्ट मैनेजमेंट साइट पर कचरे का निस्तारण किया जाता है। वर्तमान व्यवस्था में डम्पर द्वारा प्रति ट्रिप लगभग 5 क्यूबिक मीटर कचरा परिवहन किया जाता है,जिससे परिवहन के दौरान कचरे के सड़क पर फैलने की संभावना बनी रहती है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए कचरा परिवहन प्रणाली को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
180 टन प्रतिदिन क्षमता का मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन स्थापित होगा
कचरा परिवहन की वर्तमान चुनौतियों के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम द्वारा काजरी ट्रांसफर स्टेशन को मैकेनाइज्ड एवं आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कार्यादेश जारी किया जा चुका है, जिसके अंतर्गत 180 टन प्रतिदिन क्षमता के मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण तथा आगामी तीन वर्षों तक उसके संचालन एवं संधारण का दायित्व शामिल है। इस परियोजना के पूर्ण होने से कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक वैज्ञानिक, सुव्यवस्थित एवं टिकाऊ बनेगी।
बंद कंटेनरों में होगा कचरा परिवहन समय व खर्च दोनों में होगी बचत
मैकेनाइज्ड प्रणाली के अंतर्गत कचरा अब बंद कंटेनरों में परिवहन किया जाएगा,जिनकी क्षमता प्रति ट्रिप लगभग 20 क्यूबिक मीटर होगी। इस व्यवस्था से कचरा परिवहन के दौरान सड़क पर बिखराव की समस्या समाप्त होगी, दुर्गंध एवं प्रदूषण में कमी आएगी तथा परिवहन समय और व्यय में उल्लेखनीय बचत होगी। वर्तमान में प्लांट से संबंधित मशीनरी जैसे हुक-लोडर,कम्प्रेशर एवं कंटेनर साइट पर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण के पश्चात ऑटो-टीपर द्वारा कचरा सीधे कंटेनरों में खाली किया जाएगा,जहां कम्प्रेशर प्रणाली द्वारा उसे संपीड़ित कर बंद कैप्सूल में भरा जाएगा तथा हुक-लोडर के माध्यम से केरू वेस्ट मैनेजमेंट साइट तक सुरक्षित रूप से पहुंचाया जाएगा।
तिब्बती ऊनी वस्त्र व्यापार संघ ने गरीबों को बांटे निःशुल्क गर्म कपड़े
कार्यों की सराहना,समयबद्ध पूर्णता के दिए निर्देश
संभागीय आयुक्त डॉ.प्रतिभा सिंह ने नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मैकेनाइज्ड ट्रांसफर सिस्टम जोधपुर शहर को स्वच्छ,सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए, मशीनरी की कार्यक्षमता एवं गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए,कंटेनर परिवहन प्रणाली को पूर्णतः लीकेज-प्रूफ बनाया जाए तथा केरू वेस्ट मैनेजमेंट साइट पर निस्तारण की वैज्ञानिक प्रक्रिया का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को स्वच्छ एवं संक्रमण-मुक्त वातावरण उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता सम्पत मेघवाल, अधीक्षण अभियंता संजय माथुर तथा अधिशासी अभियंता प्रवीण गहलोत उपस्थित थे तथा उन्होंने परियोजना की तकनीकी प्रगति एवं भावी कार्ययोजना से संभागीय आयुक्त को अवगत कराया।
