Doordrishti News Logo

बुखार पीड़िता की मौत,डॉक्टर पर ड्रिप व गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप

  • शव का कराया मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम
  • गांव के निजी क्लिनिक में हुआ उपचार

जोधपुर, शहर के निकट केरू गांव स्थित एक निजी क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टर पर इलाज में कोताही बरतने का आरोप लगा है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के बुखार से पीडि़त होने पर इलाज करवाया था। तबीयत बिगड़ऩे पर एमजीएच रैफर कर दिया गया। मगर महिला की मौत हो गई। अब डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने और ड्रिप चढ़ाने से मौत का आरोप लगाया गया है। झंवर पुलिस ने मृतका का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा अब अनुसंधान आरंभ किया है। झंवर थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में बासनी भगवान महावीर हड्डी मिल निवासी अभिषेक पुत्र मदनलाल वाल्मिकी की तरफ से रिपोर्ट दी गई।

इसमें बताया कि उसकी 21 साल की पत्नी ममता इन दिनों जोलियाली अपने पीहर आई हुई थी। जहां पर तबीयत बिगड़ऩे पर उसे केरू स्थित डॉक्टर प्रदीप के क्लिनिक पर दिखाया गया था। उसका पहले भी डॉक्टर प्रदीप से इलाज चला था। दो दिन पहले ममता को बुखार आने पर डॉक्टर प्रदीप को दिखाया गया। तब डॉक्टर ने उसे ड्रिप चढ़ाने के साथ इंजेक्शन लगाया था। मगर इससे उसकी पत्नी ममता की तबीयत और बिगड़ गई। बाद में डॉक्टर प्रदीप ने हाथ झटक दिए और कहा कि उसे महात्मा गांधी अस्पताल लेकर जाओ। फिर उसे एमजीएच रैफर कर दिया गया। मगर उसकी पत्नी ममता की 17 नवंबर को मौत हो गई।
थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतका का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। डॉक्टर प्रदीप के खिलाफ लापरवाही में केस दर्ज किया गया है। डॉक्टर और उसके क्लिनिक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ अनुसंधान किया जा रहा है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें –http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews