पेंशन बंद होने का दिया झांसा शातिर ने खाते से उड़ाए 15.50 लाख
शातिर ने बुजुर्ग से कराया एप इंस्टाल -मोबाइल का एक्सेस लेकर बनाया शिकार
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पेंशन बंद होने का दिया झांसा शातिर ने खाते से उड़ाए 15.50 लाख। शहर में जोधपुर डिस्कॉम से सेवानिवृत एकाउंटेंट को किसी शातिर ने साइबर फ्रॉड का शिकार बनाते हुए खाते से 15.50 लाख का फ्रॉड कर डाला।
बुजुर्ग को बाद में इसका पता लगा और साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दी गई। अब घटना को लेकर देवनगर थाने में साइबर फ्रॉड और ठगी का केस दर्ज हुआ है। जांच खुद थानाधिकारी कमल किशोर की तरफ से की जा रही है।
थानाधिकारी कमल किशोर सुथार ने बताया कि सेक्टर 5 ई में रहने वाले 80 साल के बुजुर्ग हरीश कुमार पुत्र मदन लाल बिजली विभाग में एकाउंटेंट पद से सेवा निवृत हैं। 21 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर किसी शातिर ने कॉल कर उनकी पेंशन बंद होने की बाद करते हुए बैंक से बोलना बताया। साथ ही जीवित प्रमाण पत्र आदि दस्तावेज देने को कहा।
इस झांसे में बुजुर्ग हरीश कुमार ने शातिर के कहे अनुसार एक एप इंस्टाल किया। शातिर ने एप इंस्टाल के बाद फोन का एक्सेस लेकर उनके बैंक एकाउंट से 15 लाख 50 हजार रुपए उड़ा लिए। घटना के काफी देर बाद उनके मोबाइल पर पैसे कटने के संदेश प्राप्त हुए तो परिवार के सदस्यों से बात की गई। इस पर साइबर ठगी का पता लगा।
बाद में साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दी गई। बुजुर्ग हरीश कुमार की तरफ से अब देवनगर थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया है। थानाधिकारी कमल किशोर ने बताया कि इस बारे में तफ्तीश आरंभ की गई है। बैंक से भी बात कर रकम को लौटाने अथवा होल्ड करवाए जाने के प्रयास किए जा रहे है।
