पेट्रोल पंप पर तलवार-चाकू दिखाकर 7300 रुपए लूट का खुलासा
- सीसीटीवी से पकड़े गए बदमाश
- वारदात में इस्तेमाल कार जब्त
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पेट्रोल पंप पर तलवार- चाकू दिखाकर 7300 रुपए लूट का खुलासा।विवेकविहार थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप पर तलवार और धारदार चाकू दिखाकर लूट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 5 सहायक प्रोफेसर का चयन
आरोपियों ने 7 सितंबर की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच सफेद रंग की कार से पेट्रोल पंप पहुंचकर कर्मचारियों को धमकाया और 7300 रुपए व मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस के अनुसार,7 सितंबर की रात पूनियों की ढाणी गुड़ा विश्नोइयान निवासी मंगलाराम ने रिपोर्ट दी थी। उसने बताया कि दो बदमाश सफेद रंग की कार से पेट्रोल पंप पर आए। कार की आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। दोनों बदमाशों के हाथ में तलवार और धारदार चाकू थे।
उन्होंने स्टाफ सुंदरलाल को चाकू दिखाकर रुपए निकालने के लिए धमकाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और डराकर 7300 रुपए व मोबाइल छीन लिया।
फुटेज से मिला सुराग
वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई।
इसके बाद पुलिस ने 9 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे ताणियां की ढाणी, उचियाड़ा पहुंचकर राकेश जाणी को उसके घर से पकड़ा। पूछताछ में राकेश ने वारदात रवि के साथ करना स्वीकार किया।
राकेश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम रवि की तलाश में डोली, जिला बालोतरा पहुंची। पुलिस की भनक लगने पर रवि खेतों की तरफ भाग गया। पुलिसकर्मियों ने करीब एक किलोमीटर पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया गया।
लूट की रकम बरामदगी के प्रयास
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। लूट की रकम बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस की टीम में थाना प्रभारी भवानीसिंह निंबू के नेतृत्व में विशेष टीम में एसआई महेश मीणा, कांस्टेबल कैलाश राजपुरोहित और शैतानाराम शामिल थे।
