युवक को जान से मारने की कोशिश का आरोप, दो गिरफ्तार
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),युवक को जान से मारने की कोशिश का आरोप, दो गिरफ्तार। अवैध मिट्टी खुदाई रोकने के लिए गार्ड का काम कर रहे युवक और उसके भाई की गाड़ी को रेत माफिया से जुड़े लोगों ने टक्कर मार दी। आरोप है कि आरोपियों ने युवक के भाई को जान से मारने की नीयत से पहले बोलेरो कैंपर से टक्कर मारी और बाद में पीछे से आए बिना नंबर के कैंपर से उसकी थार गाड़ी को टक्कर मारी। मामले में विवेक विहार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार सूरज पुत्र गंगाराम भांवरिया निवासी बोरानाडा ने रिपोर्ट देकर बताया कि रिको बोरानाडा में अवैध मिट्टी खुदाई रोकने के लिए स्मार्ट सर्विस कंपनी जयपुर की ओर से उसे गार्ड का टेंडर दिया गया है। वह रिको बोरानाडा में अवैध मिट्टी की खुदाई रोकने के लिए गार्ड रखे हुए है। इसी कारण अवैध मिट्टी खोदने वाले रेत माफिया उससे रंजिश रखने लगे। रिपोर्ट के अनुसार करीब 20 से 25 दिन पहले रेत माफिया रमजान खान निवासी खारड़ा,विक्रम सियाग निवासी बोरानाडा,धर्मेंद्र भोगियान,अरुण गौरा व अन्य ने उसके रिको ऑफिस पर रात के समय तोडफ़ोड़ और मारपीट की थी। इस संबंध में उसने बोरानाडा थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी।
घायल लाए अस्पताल, रास्ते में बोलेरो कैंपर ने मारी टक्कर
1 सितंबर को रात करीब 11.30 बजे वह और मनीष धायल अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर सालावास आए थे। उसका छोटा भाई गौतम टिंकू भांबू भी थार गाड़ी लेकर सालावास आया हुआ था। दोनों गाडय़िों से सालावास से सांगरिया की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जोजरी नदी पुलिया पर हार्डवेयर की दुकान के सामने पहुंचे तो एक बोलेरो कैंपर बिना नंबर के,जिसे विक्रम सियाग चला रहा था और गोविंद भोगियान उसके साथ बैठा था,ने उसके भाई गौतम को जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दी।
पारिवारिक विवाद में तीन युवकों ने कार में लगाई थी आग
यह है मामला
रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद पीछे से आई बिना नंबर की कैंपर में बैठे रमजान खान (ड्राइवर) और धर्मेंद्र ने उसके भाई की थार को पीछे से टक्कर मारी। सूरज और मनीष बीच-बचाव के लिए आए तो दोनों कैंपर चालकों ने उन्हें भी जान से मारने की नीयत से गाड़ी ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। उनके चिल्लाने पर भीड़ जमा होने लगी तो आरोपी मौके से भागने लगे। जाते समय आरोपियों ने साइड में खड़ी सूरज की स्कॉर्पियो को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर पकड़े आरोपी पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए। आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस टीमों की लगातार सर्च कार्रवाई के चलते आरोपी भागने में सफल नहीं हो सके और पुलिस के हाथ लग गए। पुलिस ने रमजान खान पुत्र अब्दुल निवासी गांव खारड़ा भांडू बोरानाडा तथा गोविंद पुत्र स्व.सोहनराम जाट निवासी भंवरसा नगर, नारनाडी,बोरानाडा को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में विस्तृत अनुसंधान जारी है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस आयुक्त अंशुमान भौमिया के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम कमल शेखावत, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम प्रवीण कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त बोरानाडा हिमांशु शर्मा के सुपरविजन के साथ थानाधिकारी विवेक विहार भवानी सिंह के नेतृत्व में भरतलाल एएसआई, /रामनिवास कांस्टेबल और सुरेश कांस्टेबल पुलिस थाना विवेक विहार शामिल थे।
