नामांकन के आखिरी दिन गहमागहमी समर्थकों के साथ प्रत्याशियों की उमड़ी भीड़
- नगर निगम चुनाव
- भाजपा ने ऐन वक्त पर जारी की लिस्ट
- कांग्रेस ने डायरेक्ट सिंबल जमा करवाए
- बाद में जारी की सूची
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नामांकन के आखिरी दिन गहमागहमी समर्थकों के साथ प्रत्याशियों की उमड़ी भीड़। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन था। टिकट वितरण में देरी के चलते अंतिम दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवार पर्चा दाखिल करने पहुंचे। बीजेपी और कांग्रेस समेत दूसरे दलों के प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ रिटर्निंग ऑफिसर के दफ्तर पहुंचे।
कांग्रेस-बीजेपी ने उम्मीदवारों से सीधे नामांकन पत्र भरवाए। बाद में रिटर्निंग अधिकारियों को दलों के सिंबल सौंप दिए गए। हालांकि आज दोपहर में भाजपा की तरफ से उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी गई। भाजपा ने नामांकन के आखिरी समय 3 बजे से पहले एनवक्त पर 92 पार्षदों की लिस्ट जारी की। बाद में आठ और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई।
शाम को कांग्रेस की तरफ से अधिकारिक लिस्ट जारी की गई। हालांकि इससे पहले सभी सिंबल रिटर्निंग अधिकारी को जमा करवा दिए गए थे।
नगरीय निकाय चुनाव में नामांकन के लिए 27 अगस्त से 31 अगस्त तक का समय दिया गया था। हालांकि 28 अगस्त और 30 अगस्त को अवकाश की वजह से उम्मीदवारों को नामांकन के लिए सिर्फ तीन दिन 27, 29 और 31 अगस्त मिले। इसमें आज 31 अगस्त को नामांकन दाखिल करने प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ पड़ी। नामांकन के अंतिम दिन उम्मीदवारों में जोश देखने को मिला।
सोमवार को भारतीय जनता पार्टी,कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के साथ-साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। हालांकि, किसी भी प्रत्याशी के पास पार्टी का सिंबल नहीं था। आज नामांकन की शुरुआत के साथ ही कांग्रेस की ओर से पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश जोशी ने वार्ड नंबर 40 से अपना नामांकन भरा। वहीं पूर्व महापौर कुंती देवड़ा ने भी वार्ड नंबर 99 से अपना नामांकन भरा।
भाजपा के महापौर उम्मीदवारों की रेस में शामिल पूर्व डिप्टी मेयर देवेंद्र सालेचा ने वार्ड नंबर 40 से दोपहर 12.15 का शुभ मुहूर्त देखकर के नामांकन किया। इसी तरह राजसिको के पूर्व चेयरमैन मेघराज लोहिया ने भी नामांकन दाखिल किया है। भाजपा से पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न चंद मेहता, कमलेश पुरोहित, कन्हैयालाल पारीक, अमरलाल वर्गी,उमेश पलिया,नूपुर पुरोहित और कुलदीप जांगिड़ ने भी अपने नामांकन दाखिल किए है।
ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे उम्मीदवार
नगर निगम चुनाव 2026 के लिए नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर लोकतंत्र के उत्सव का साक्षी बना। सुबह से दोपहर बाद तक प्रत्याशियों,समर्थकों, कार्यकर्ताओं और नेताओं की आवाजाही के बीच पूरा परिसर चुनावी रंग में रंगा नजर आया। शहर की सरकार चुनने की प्रक्रिया में भाग लेने पहुंचे प्रत्याशियों के चेहरों पर उत्साह, उम्मीद और आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा था।
समर्थकों के साथ पहुंचे प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, नारों की आवाज और समर्थकों की भीड़ ने माहौल को पूरी तरह चुनावमय बना दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में सर प्रताप सिंह की मूर्ति लगी हुई है। नामांकन भरने वाले अधिकांश प्रत्याशियों ने पहले यहां आकर नमन किया और फिर आगे बढ़े। बता दे कि जोधपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित महाराजा सर प्रताप सिंह की मूर्ति को लोग न्याय के देवता के रूप में पूजते हैं।
कलेक्ट्रेट में मौजूद थे वरिष्ठ नेता
नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी पूरे दिन सक्रिय रहे और प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करते दिखाई दिए। भाजपा की ओर से घनश्याम ओझा, शहर विधायक अतुल भंसाली सहित कई नेता मौजूद रहे,जबकि कांग्रेस की ओर से राजेंद्र सोलंकी,शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमकार वर्मा,पूर्व महापौर कुंती देवड़ा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों का उत्साहवर्धन किया।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान विधायक अतुल भंसाली ने प्रत्याशियों को मार्गदर्शन देते हुए आवेदन संबंधी औपचारिकताओं में सहयोग किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने अपनी सहज कार्यशैली और सरल व्यवहार से कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक संदेश दिया। चुनावी व्यस्तताओं के बीच दोनों दलों के नेताओं की सक्रियता पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।
नामांकन पत्रों की जांच कल
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर को होगी। तीन सितंबर को नाम वापसी के बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। बता दे कि राजस्थान में नगर निकाय के चुनाव 2 चरणों में होंगे। पहले चरण की वोटिंग 9 सितंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 11 सितंबर को होगी। जबकि मतगणना 14 सितंबर को होगी।
चुनाव की अधिसूचना 27 अगस्त को जारी हुई थी। कांग्रेस की बागी महिला प्रदेश महासचिव ने थामा आरएलपी का दामन
टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रही राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव डॉ. अनीता परिहार ने कांग्रेस छोडक़र राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) का दामन थाम लिया है और आरएलपी के सिंबल पर अपना नामांकन दाखिल किया है।
नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी होने से पहले उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने वार्ड 99 और 100 से पूर्व महापौर कुंती देवड़ा और उनके भाई मयंक देवड़ा को टिकट देने की संभावना पर नाराजगी जताई थी और पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। परिहार वीडियो में कहा था कि हम मूर्ख कार्यकर्ता हैं, जो पार्टी के कहने पर दिल्ली- जयपुर जाते हैं। जब हमारी बारी आती है तो नेताओं के रिश्तेदार आगे आ जाते हैं।
डोटासरा कहते हैं कि वार्ड के व्यक्ति को ही टिकट मिलेगा, लेकिन यहां तो 20-20 किलोमीटर दूर से लोग दावेदारी कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस पार्टी की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
