डंपर ने बाइक को मारी टक्कर रामदेवरा मेले में जा रहे पति,गर्भवती पत्नी और मासूम पुत्री घायल
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),डंपर ने बाइक को मारी टक्कर रामदेवरा मेले में जा रहे पति,गर्भवती पत्नी और मासूम पुत्री घायल। लोक देवता बाबा रामदेव के मेले में दर्शन के लिए रामदेवरा जा रहे जातरू की बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति और उसकी गर्भवती पत्नी गंभीर घायल हो गए,जबकि उसकी डेढ़ साल की बेटी को मामूली चोट आई है।
हादसे में युवक के दोनों पैर कुचल गए हैं। घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे कायलाना सर्किल के पास हुआ। उदयपुर निवासी सोहनलाल (30) पुत्र नाताराम अपनी पत्नी केली बाई (28) और डेढ़ साल की बेटी के साथ बाइक से बाबा रामदेव मंदिर रामदेवरा में दर्शन के लिए रवाना हुआ था।
प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही दोनों पार्टी में विरोध और बगावत के सुर
रविवार सुबह वे जोधपुर पहुंचे। कायलाना सर्किल से रामदेवरा की ओर जाते समय पीछे से तेज गति से आए डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक डंपर के नीचे तक जा घुसी। हादसे में सोहनलाल को गंभीर चोट आई है,जबकि पीछे बैठी उसकी गर्भवती पत्नी भी घायल है। उनकी डेढ़ साल की बच्ची को मामूली चोट आई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल भिजवाया वहीं सूचना मिलने के बाद सूरसागर थाना पुलिस और प्रताप नगर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम से अनुबंधित डंपरों को लेकर विरोध जताया। उनका कहना था कि यहां से रोजाना तेज स्पीड में डंपर दौड़ते हैं इसकी वजह से हादसे होते हैं। लोगों ने डंपरों की रफ्तार पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को लेकर कार्रवाई की मांग की।
