भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने 12 पुलिस अधिकारियों के तबादले की उठाई मांग
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने 12पुलिस अधिकारियों के तबादले की उठाई मांग। भाजपा के ग्रामीण दक्षिण के जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी ने राज्य के गृह राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जवाहर सिंह बेढ़म को पत्र भेजकर जोधपुर रेंज में कार्यरत 12 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण भरतपुर रेंज में किए जाने की मांग की है।
भाटी ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि जोधपुर ग्रामीण दक्षिण क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पदस्थापित कुछ पुलिस अधिकारी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पक्षपातपूर्ण एवं अनावश्यक कार्रवाई कर उन्हें परेशान कर रहे हैं।
मेले में गया परिवार पीछे से रिश्तेदार ने तोड़ा घर का ताला
उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों के व्यवहार से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित हो रहा है तथा आगामी पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनावों में भी संगठन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ अधिकारी कथित रूप से विपक्षी विचारधारा से प्रभावित होकर कार्य कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति निष्पक्ष रवैया नहीं अपना रहे।
इस संबंध में जिलाध्यक्ष ने गृह विभाग से हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों का जोधपुर रेंज से भरतपुर रेंज में स्थानांतरण करने की मांग की है। पत्र के साथ 12 पुलिस अधिकारियों की सूची भी संलग्न की गई है,जिनमें पुलिस निरीक्षक,उप निरीक्षक, एएसआई तथा हेड कांस्टेबल स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
अधिकांश अधिकारी जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र के पीपाड़,भोपालगढ़, डांगियावास एवं सूरसागर थाना क्षेत्रों में कार्यरत बताए गए हैं।
