30 अगस्त को अवकाश के कारण नहीं लिए जाएंगे नाम निर्देशन पत्र
- नगर निकाय आम चुनाव-2026
- 29 एवं 31 अगस्त को प्रस्तुत किए जा सकेंगे नाम निर्देशन पत्र
- 31 अगस्त नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का अंतिम दिवस
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),30 अगस्त को अवकाश के कारण नहीं लिए जाएंगे नाम निर्देशन पत्र। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर निकाय आम चुनाव-2026 में सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के दौरान रविवार 30 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन पत्र नहीं लिए जा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार शनिवार 29 अगस्त एवं सोमवार 31 अगस्त को निर्धारित तिथियों में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि सोमवार 31 अगस्त निर्धारित है तथा इस दिन अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
एमजीएच के आईसीयू में 42 दिन जिंदगी-मौत से जूझी प्रसूता को मिला नया जीवन
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए लोक सूचना गुरुवार 27 अगस्त को जारी की गई है। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा मंगलवार 1 सितंबर को की जाएगी।
रंजन ने बताया कि अभ्यर्थी गुरुवार 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। अभ्यर्थिता वापसी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के पश्चात शुक्रवार 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
निर्वाचन विभाग ने अभ्यर्थियों एवं संबंधित पक्षों से निर्धारित तिथियों एवं समय-सीमा का विशेष रूप से ध्यान रखते हुए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया संपादित करने की अपील की है।
