भावनगर-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन रविवार से चलेगी
- गर्मी में राहत
- अप्रेल और मई में ट्रेन आवागमन के 8-8 ट्रिप करेगी
- जोधपुर होकर चलेगी ट्रेन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भावनगर-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन रविवार से चलेगी। ग्रीष्मावकाश के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त सुविधा देते हुए भावनगर-हरिद्वार-भावनगर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रविवार 12 अप्रैल से प्रारंभ होकर अप्रैल और मई माह में कुल 8-8 ट्रिप करेगी,जिससे जोधपुर सहित पश्चिम भारत से हरिद्वार की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से राजस्थान, गुजरात और हरियाणा के यात्रियों को सीधे हरिद्वार जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। खासकर गर्मी की छुट्टियों में धार्मिक यात्रा करने वालों के लिए यह ट्रेन बड़ी राहत साबित होगी। इस स्पेशल ट्रेन से राजस्थान, गुजरात और हरियाणा के यात्रियों को सीधे हरिद्वार तक सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा जिससे ग्रीष्म कालीन यात्रा के दौरान भीड़ का दबाव कम होगा।
उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 09271 भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल 12 अप्रैल से 31 मई तक (कुल 8 ट्रिप) प्रत्येक रविवार प्रातः 4.25 बजे भावनगर टर्मिनस से रवाना होकर शाम 6.45 बजे जोधपुर आगमन व 6.55 बजे प्रस्थान कर सोमवार दोपहर 3 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 09272 हरिद्वार-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल 13 अप्रैल से 1 जून तक प्रत्येक सोमवार सायं 4.25 बजे हरिद्वार से प्रस्थान कर मंगलवार सुबह 10.40 बजे जोधपुर आगमन व 10.50 बजे प्रस्थान कर बुधवार सुबह 4.35 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में सिहोर,धोला,बोटाद,सुरेंद्रनगर गेट,विरमगाम,आम्बली रोड, गांधीनगर कैपिटल,महेसाना, पालनपुर,आबू रोड,पिंडवाड़ा, फालना,मारवाड़ जंक्शन,पाली मारवाड़,लूनी,जोधपुर,गोटन,मेड़ता रोड,डेगाना,छोटी खाटू,डीडवाना, लाडनूं,सुजानगढ़,रतनगढ़,चूरू,सादुलपुर,सिवानी,हिसार,भिवानी,कलानौर कलां,रोहतक,पानीपत,अंबाला कैंट,सहारनपुर एवं रुड़की स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में 2 सेकंड एसी,6 थर्ड एसी,8 स्लीपर,4 जनरल व 2 पॉवर कार सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।
