जिला कलेक्टर ने किया विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण
व्यवस्थाओं में सुधार एवं जनसेवा को प्राथमिकता देने के दिए निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जिला कलेक्टर ने किया विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने न्यायालय सहायक कलेक्टर एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट (फास्ट ट्रैक), न्यायालय अपर जिला कलेक्टर एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट (द्वितीय), न्यायालय सहायक कलेक्टर एवं उप जिला मजिस्ट्रेट (उत्तर), नागरिक सुरक्षा,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सैशन न्यायाधीश,जोधपुर महानगर), जिला अभिलेख शाखा,राजस्व लेखा शाखा,संस्थापन शाखा तथा सामान्य शाखा सहित विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों की स्थिति, कार्यालयीन कार्यप्रणाली तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया।
सेंट्रल जेल की सुरक्षा में लगी सेंध, दीवार में सुराख
जिला कलेक्टर रंजन ने निर्देश दिए कि सभी शाखाओं में कार्य निष्पादन समयबद्ध,पारदर्शी एवं उत्तरदायी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण,अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं डिजिटल संधारण तथा कार्यालयों में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष बल दिया। जिला कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कार्यालयों में आगंतुकों के लिए सुगम एवं व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सभी शाखाओं में समन्वय एवं संवाद को सुदृढ़ करते हुए कार्य दक्षता में निरंतर सुधार लाया जाए।
इस दौरान सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा,एडीएम (प्रथम) जवाहर चौधरी,एडीएम (द्वितीय) सुरेंद्र राजपुरोहित, एडीएम(शहर द्वितीय) एवं एसडीएम (उत्तर) प्रीतम कुमार, एसडीएम बालेसर मोहनलाल, एडीएम (शहर प्रथम) अंजुम ताहिर सम्मा,सहायक कलेक्टर मधुलिका सींगर सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित थे।
