शहीद-ए-आज़म भगत सिंह को मशाल जुलूस निकाल कर दी श्रद्धांजलि
- युवाओं में जोश और देशभक्ति की दिखी लहर
- पूर्व विधायक मनीषा पंवार बोलीं- भगत सिंह ने युवाओं में क्रांति की चेतना जगाई
- आर्य वीर दल के नेतृत्व में जालोरी गेट चौराहे से सोजती गेट तक निकला मशाल जुलूस
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),शहीद-ए-आज़म भगत सिंह को मशाल जुलूस निकाल कर दी श्रद्धांजलि। शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर सोमवार को जोधपुर में देशभक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। आर्य वीर दल जोधपुर के तत्वावधान में जालोरी गेट से सोजती गेट राजीव गांधी सर्कल तक भव्य मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में युवाओं और आर्य वीर-वीरांगनाओं ने भाग लिया।
जालोरी गेट चौराहे पर मशाल प्रज्ज्वलित करते हुए पूर्व शहर विधायक मनीषा पंवार,पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सोलंकी, निवर्तमान महापौर कुंती देवड़ा ने कहा कि शहीद-ए-आज़म भगत सिंह ने देश के युवाओं में क्रांति की भावना जगाई और उन्हें देश के लिए बलिदान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही भगत सिंह ने देश की आज़ादी के लिए जो साहस और समर्पण दिखाया,वह आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जुलूस जालोरी गेट मुख्य चौराहे से नई सड़क होते हुए राजीव गांधी चौराहे तक निकाला गया। पूरे रास्ते में देशभक्ति गीतों और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” तथा “जब तक सूरज चांद रहेगा,भगत सिंह का नाम रहेगा” जैसे जयघोषों से वातावरण गूंज उठा। जालोरी गेट युवा ग्रुप सहित विभिन्न संगठनों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया।
कार्यक्रम में उपप्रधान नारायण सिंह आर्य ने कहा कि शहीद भगत सिंह का आर्य समाज से गहरा संबंध रहा है। उन्होंने बताया कि भगत सिंह के दादा सरदार अर्जुन सिंह महर्षि दयानंद सरस्वती के अनन्य भक्त थे और लाहौर आर्य समाज के प्रधान भी रहे। नगर निगम के निवर्तमान प्रतिपक्ष नेता गणपत सिंह चौहान ने कहा कि भगत सिंह बचपन से ही देशभक्ति और क्रांतिकारी विचारों से प्रेरित रहे। आर्य वीर दल जोधपुर के अध्यक्ष हरिसिंह आर्य ने कहा कि आज के युवाओं को चाहिए कि वे देश की आज़ादी की भावना, भाईचारा,प्रेम और एकता को बनाए रखें तथा शहीदों की शहादत को कभी व्यर्थ न जाने दें।
24 घंटो मेें बाइक चोरी के आठ और कार चोरी का एक प्रकरण दर्ज
उन्होंने बताया कि संगठन आज भी समाज में नशा मुक्ति,धार्मिक जागरूकता और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और वीर रस के नारों ने माहौल को पूरी तरह देशभक्ति से भर दिया। बॉक्सिंग कोच विक्रम सिंह आर्य ने वीर कोरस के माध्यम से युवाओं में जोश भर दिया। बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथों में तख्तियां और ओम के झंडे लेकर जुलूस में हिस्सा लिया। मशाल जुलूस राजीव गांधी सर्कल पहुंचकर सम्पन्न हुआ,जहां शहीदों को सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर भंवरलाल आर्य,डॉ. लक्ष्मण सिंह,रामनिवास गोदारा, दीपक सिंह पंवार,हिमांशी आर्य, उम्मेद सिंह, जितेंद्र सिंह,चांदमल आर्य,शिवप्रकाश सोनी,मदन गोपाल आर्य,गजेसिंह भाटी, विशाल डेविस,एडवोकेट मूलसिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, युवक, युवतियां मौजूद थे।
