विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत: पीहर पक्ष ने लगाया मारकर लटकाने का आरोप
- मेडिकल बोर्ड से कराया पोस्टमार्टम
- ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का केस
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत: पीहर पक्ष ने लगाया मारकर लटकाने का आयोजन। शहर के भदवासिया स्थित 80 फीट रोड पर रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बुधवार की देर शाम उसका शव फंदे पर लटका मिला। पीहर पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को एमजीएच मोर्चरी पर रखवाया और आज सुबह उसका मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। शादी को चार साल हुए थे। घटना को लेकर अग्रिम जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मृत्यु के कारण का खुलासा हो पाएगा।
थानाधिकारी मोहम्मद शफीक खान ने बताया कि जयमल नगर 80 फीट रोड भदवासिया निवासी कमल किशोर जोशी पुत्र रामरख जोशी ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि उसकी पुत्री 30 वर्षीय तर्पिता की शादी वर्ष 2022 अप्रैल में विद्यानगर आरटीओ के पास बीजेएस निवासी धर्मेंद्र पुत्र राम लाल के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ की गई थी।
शादी के समय 20 तोला सोना और एक किलो चांदी के आइटम के साथ घरेलु सामान दिया गया था। मगर ससुराल पक्ष के लोग जिनमें सास सुमन देवी,जेठ महेंद्र,जेठानी नीतू, काकी ससुर लक्ष्मणराम एवं खुद पति धर्मेँद्र उसे दहेज कम लाने की बात को लेकर प्रताडि़त करते थे।चार साल शादी के बीच में दो तीन बार उसकी बेटी तर्पिता को कम दहेज के लिए मारपीट कर घर बदर भी कर दिया गया। बाद में समाज के लोगों द्वारा समझाइश कर उसे ससुराल भिजवाया गया।
विवाहित महिलाएं भी सरकारी सेवाओं में ईडब्ल्यूएस आरक्षण की हक़दार
बेटा जन्म के बाद उसे दहेज में कार की मांग रखी गई थी। कार नहीं दिलाए जाने पर उसे घर से निकाल दिया गया। बाद में उसकी बेटी तर्पिता को किराए के मकान में रखा गया जहां पर पति धर्मेंद्र उससे मारपीट करता और दहेज के प्रताडि़त करता था। इस साल 24 जनवरी को उसकी बेटी तर्पिता ने एक बेटी को जन्म दिया था। पति धर्मेँद्र द्वारा जालोरी गेट पर भी आकर मारपीट की गई थी बाद में उसे कोर्ट से पाबंद कराया गया था।
कल शाम को सूचना मिली कि तर्पिता ने ससुराल में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। इस पर वह वहां पहुंचा। रिपोर्ट में बताया कि जिस पंखे से हुक में लटकी थी उस पंखे की पंखुड़ी मुड़ी हुई थी और पैर भी जमीन पर टिके हुए थे साथ ही हाथ पर भी लाल निशान थे जो किसी रस्सी या कपड़े से बांधना प्रतीत हो रहे थे। रिपोर्ट में ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या कर शव को लटकाने का आरोप है।थानाधिकारी मोहम्मद शफीक खान ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। अग्रिम अनुसंधान जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारण का खुलासा हो पाएगा।
