सैनिक कल्याण विभाग ने उत्साह से मनाया सशस्त्र सेना झण्डा दिवस
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सैनिक कल्याण विभाग ने उत्साह से मनाया सशस्त्र सेना झण्डा दिवस। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जोधपुर के निर्देशा पर सशस्त्र सेना झण्डा दिवस सैनिक कल्याण विभाग, जोधपुर के तत्वाधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रविवार को हनवन्त सैनिक स्कूल चोपासनी में उत्साह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्ररक्षा हेतु अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सेना के प्रति सम्मान एवं कर्तव्य भावना को सुदृढ़ किया गया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल दलीप सिंह खंगारोत ने बताया कि प्रतिवर्ष 07 दिसम्बर को संपूर्ण भारत में सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया जाता है। यह दिवस उन वीर रणबांकुरों की स्मृति और सम्मान में समर्पित है जिन्होंने देश की रक्षा,एकता और अखण्डता के लिए विभिन्न युद्धों में सर्वोच्च बलिदान दिया। यह दिवस समाज को राष्ट्रनायकों के प्रति अपने दायित्व के निर्वहन का संदेश देता है।
क्यूआर कोड से धनराशि संग्रह, झण्डा स्टिकर लगाकर किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान सैनिक कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों ने स्कूल के कर्मचारियों,सदस्यों एवं सैनिक स्कूल के कैडेट्स को झण्डा स्टिकर्स लगाकर सहयोग हेतु प्रेरित किया। क्यूआर कोड के माध्यम से धनराशि एकत्रित की गई,जिससे शहीदों के आश्रितों और पूर्व सैनिकों के कल्याण कार्यों में उपयोग किया जाएगा।
सैनिक स्कूल के कर्मचारीयों, सदस्यों,सैनिक कल्याण विभाग के कार्मिकों व कैडेट्स ने रैली निकालकर आमजन को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस पर योगदान देने एवं राष्ट्ररक्षा हेतु बलिदान देने वाले जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी कैप्टन रूमा पीटर,अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी प्रकाश टाक, सहायक प्रशासनिक अधिकारी अरशद अयुब द्वारा सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त कॉर्डिनेटर सैनिक स्कूल रीनी हाडा,सहायक प्रशासनिक अधिकारी किरण,सुबेदार मेजर हनुमान सिंह शेखावत,सुबेदार मेजर सुरेन्द्र सिंह उदावत,कनिष्ठ सहायक पप्पूराम सहित सैनिक स्कूल के कैडेट्स उपस्थित थे।
