80 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या
पोती स्कूल से लौटी तो बिस्तर पर पड़ा मिला खून से सना शव
जोधपुर,(डीडी न्यूज)। 80 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या। फलोदी में अस्सी साल की एक बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनकी पोती शाम को स्कूल से लौटी तो दादी का खून से सना शव बिस्तर पर पड़ा देख चीख निकल गई। तब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
इसे भी पढ़िए – 29 करोड़ के नशीले पदार्थों की 1225 किलो खेप किया नष्ट
हत्या की सूचना मिलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के वक्त वह घर पर अकेली थी और व्यापारी बेटा जोधपुर आया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी ब्रजराज सिंह, डीएसपी अचल सिंह देवड़ा और थानाधिकारी महेंद्र दत्त शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया।
फलोदी थानाधिकारी महेंद्र दत्त शर्मा ने बताया कि जयनारायण व्यास सर्किल के पास रहने वाली राधा देवी (80) की हत्या हुई है। घर पर शव को सबसे पहले स्कूल से लौटी उनकी पोती ऐश्वर्या (19) ने देखा था। राधा देवी का पुत्र चंद्रप्रकाश जोधपुर गया हुआ था।
एसएचओ ने बताया कि अब तक की जानकारी में सामने आया है कि पोती ऐश्वर्या स्कूल से लौटी तो उसने बिस्तर पर दादी के शव को खून से सनी हालत में देखा। इसके बाद उसने आस पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। ऐश्वर्या 12वीं क्लास में पढ़ती है। मां की चार साल पहले ही मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार घर में एक नौकरानी भी काम करने आती है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
थानाधिकारी महेंद्र दत्त शर्मा ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हत्यारे की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही हत्यारे को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल इस बात की भी जांच की जा रही है कि यह हत्या लूट के इरादे से की गई है या फिर किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है।