रेलवे अस्पताल में एक वर्ष में मोतियाबिंद की 200 सर्जरी
- नेत्र उपचार की सुविधा से हजारों कर्मचारियों व आश्रितों को मिली सुविधा
- अन्य अस्पतालों पर निर्भरता में आई कमी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रेलवे अस्पताल में एक वर्ष में मोतियाबिंद की 200 सर्जरी। रेलवे अस्पताल जोधपुर में नेत्र रोगों के उपचार की बेहतर सुविधाओं से हजारों रेलवे कर्मचारियों और उनके आश्रितों को लाभ मिल रहा है। अस्पताल में नियमित ओपीडी,नेत्र जांच तथा विभिन्न नेत्र रोगों के उपचार की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ.सीताराम बुनकर ने बताया कि अस्पताल में नेत्र रोगों के उपचार के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों को आंखों की उचित देखभाल के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। ओपीडी में आने वाले रोगियों को नेत्र स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक सावधानियों और देखभाल के उपायों की जानकारी दी जाती है। मरीजों को नियमित आंखों की जांच करवाने,आंखों की स्वच्छता बनाए रखने,मोबाइल व कंप्यूटर का सीमित उपयोग करने तथा धूल-मिट्टी से बचाव रखने की सलाह दी जाती है।
जोधपुर मंडल की सात महिला रेलकर्मियों का जयपुर में होगा सम्मान
उन्होंने बताया कि आंखों में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया जाता है ताकि नेत्र रोगों की समय रहते पहचान और उपचार हो सके। रेलवे अस्पताल में कार्यरत मंडल चिकित्सा अधिकारी (नेत्र रोग) डॉ.मंजू कंवर शेखावत ने अपनी सेवाओं का एक वर्ष सफलता पूर्वक पूर्ण करते हुए मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सेवाएं प्रदान की और 200 से अधिक मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) ऑपरेशन तथा 500 से अधिक नेत्र परीक्षण सफलता पूर्वक किए।
इस अवधि में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा अन्य मरीजों को नेत्र संबंधी उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया गया जिससे कई रोगियों को अन्य अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।उल्लेखनीय है कि अस्पताल में नेत्र विभाग की कार्य दिवस में ओपीडी में आने वाले रोगियों की संख्या लगभग सौ है।
तैनात होंगे और विशेषज्ञ चिकित्सक
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था भी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी, ताकि विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएं यहीं उपलब्ध हो सकें।
